
इंसानियत को शर्मसार कर देनेवाली और हैवानियत की पराकाष्ठा को पार कर देनेवाली एक घटना,नवी मुम्बई के कामोठे क्षेत्र में घटी है। यहां नर्सरी क्लास में पढ़नेवाली एक तीन वर्षीय बच्ची के साथ,उसके ही स्कूल के 30 वर्षीय वैन चालक ने दुष्कर्म किया है। बच्ची स्कूल समाप्त होने पर प्रतिदिन की तरह स्कूल वैन में सवार होकर घर के लिए निकली थी। मगर नराधम ड्राइवर ने बाकि के बच्चों को उतारने के बाद इस बच्ची के अकेलेपन का फायदा उठाकर इसके साथ दुष्कर्म किया।दरअसल बच्ची का घर स्कूल वैन में सवार सभी बच्चों की अपेक्षा सबसे अंतीम में आता था,इसी बात का फायदा उठाकर ड्राइवर ने इस नीच हरकत को अंजाम दिया। घर आने पर बच्ची ने अपने प्राइवेट पार्ट के पास दर्द की शिकायत अपनी दादी से की और ड्राइवर को मारो ऐसा कहा। दादी को कुछ अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने जब बच्ची के कपड़े उतारकर, उसके प्राइवेट पार्ट को देखा तो उन्हे वहां सूजन दिखाई दिया। इसके बाद बच्ची की दादी ने तुरंत स्कूल को इसकी सूचना दी। स्कूल प्रशासन ने भी बिना समय गंवाये पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तुरंत ही जाल बिछाकर ड्राइवर को धर दबोचा। बाद में बच्ची का मेडिकल कराया गया,जिसमें प्राथमिक तौर पर बच्ची के प्राइवेट पार्ट से गंभीर छेड़छाड़ की बात सामने आई।अब इस नराधम ड्राइवर को सख्त से सख्त सजा दिलाने की जिम्मेदारी बीजेपी नेत्री चित्रा बाघ ने अपने कंधों पर ले ली है। चित्रा बाघ ने न केवल नराधम ड्राइवर को, सख्त सजा देने की मांग की है बल्कि इस मामले में स्कूल संचालक और स्कूल वैन मालिक के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की मांग की है।



