
पिछले कुछ महीनों में ठाणे और रायगढ़ जिले के प्रकल्पग्रस्तों के समर्थन में,खुलकर सामने आये भिवंडी के सांसद बाल्या मामा उर्फ सुरेश म्हात्रे को जो लोकप्रियता हासिल हुई थी,उसे उन्होंने खुद से ही गंवाने का कार्य कर दिया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार गुट से चुने गये, भिवंडी के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा की लोकप्रियता में तब चार चंद लग गया था,जब उन्होंने नवी मुम्बई अंतरराष्ट्रीय विमानतल का नाम, दिवंगत दि बा पाटिल साहब के नाम पर किये जानेवाले आन्दोलन का नेतृत्व अपने हाथों में लिया था। मगर बीजेपी के विधायक किशन कथोरे के जन्मदिन पर बाल्या मामा का एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया,जिससे उनकी छवि अचानक बेहद प्रभावित होती नजर आ रही है।किशन कथोरे के जन्मदिन के लिए आयोजित एक मंच पर बाल्या मामा,किशन कथोरे के पांव पड़ते नजर आये और उस वक्त किशन कथोरे बाल्या मामा पर विशेष ध्यान देने की बजाये,फोन पर मस्त दिखाई दिये। हालांकि उम्र के लिहाज से किशन कथोरे बाल्या मामा से बहुत बड़े हैं,मगर एक सार्वजनिक मंच पर, विरोधी पक्ष के सांसद द्वारा सत्ता पक्ष के विधायक का पांव पड़ा जाना,यह बहुत लोगों को नागवार गुजरा है और इसके लिए बाल्या मामा की बड़े पैमाने पर आलोचना भी हो रही है। बाल्या मामा के इस कृत्य से पवार साहब की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की छवि पर भी बेहद गहरा असर पड़ता दिखाई दे रहा है।



