बिजली विभाग को लगाया 31 लाख से अधिक का चूना

मुम्बई उच्च न्यायालय के सख्त आदेशों के बाद,नवी मुम्बई में स्थित अनधिकृत ईमारतों का मुद्दा वैसे ही काफी चर्चित हो चुका है,अब इस मुद्दे में एक और कड़ी जुड़ गई है और वह है बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की। ऐरोली उपविभागीय विद्युत कार्यालय की तरफ से, 7 विशेष पथकों का निर्माण कर घणसोली के गोठीवली क्षेत्र में, सैकड़ों इलेक्ट्रिक मीटर का औचक निरीक्षण किया गया। इसमें से करीब सौ से ज्यादा जगहों पर मीटर में अनियमितता पकड़ी गई।
बिजली विभाग के सूत्रों की मानें तो इसमें से 22 जगहों पर सीधे तौर पर बिजली चोरी का मामला सामने आया,जबकि अन्य जगहों पर इलेक्ट्रिक मीटर के साथ छेड़छाड़ किये जाने के सबूत मिले। बिजली विभाग के इन 7 विशेष पथकों में करीब 55 अधिकारी और कर्मचारी शामिल किये गये थे। सूत्रों ने मुम्बई तपास को यह जानकारी भी दी कि इस छापेमारी के दौरान लगभग 1 लाख 43 हजार बिजली यूनिट की चोरी का खुलासा हुआ जिसकी किमत 31 लाख रूपये से भी ज्यादा है।
बिजली विभाग ने सभी संबंधित आरोपियों से दंड सहित रकम की वसूली शुरू कर दी है और 22 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी भी की जा रही है। कुछ लोग इस छापे को स्मार्ट मीटर लगाये जाने के अभियान से भी जोड़कर देख रहे हैं। खैर सच्चाई कुछ भी हो लेकिन एक दिन के छापे में,इतने बड़े पैमाने पर बिजली चोरी का पकड़ा जाना कोई आम बात या घटना नही है



