नगरसेविका की अयोग्यता जांच में सामने आये अनेक गंभीर तथ्य

नवी मुम्बई के दिघा क्षेत्र के बेहद ही चर्चित राजनीतिक परिवार से जुड़े और वर्तमान में नवी मुम्बई महानगरपालिका की स्वीकृत नगरसेविका के रूप में पदासीन, एडवोकेट अपर्णा गवते का न केवल नगरसेवक पद खतरे में है,बल्कि उनके वकालत के लाइसेंस पर भी खतरा मंडरा रहा है। मुम्बई तपास को जो दस्तावेजी सबूत प्राप्त हुए हैं,उसके मुताबिक अपर्णा गवते का जो घर दिघा स्थित कल्पना हाइट्स में है,वह कल्पना हाइट्स बिल्डींग ही पूरी तरीके से अवैध है।अपर्णा गवते के मालिकाना हक वाले मोनिस बार एन्ड रेस्टोरेन्ट और लकी वाइन शाॅप भी, अवैध निर्माण कार्य के अंतर्गत स्थापित होने के दस्तावेजी सबूत मुम्बई तपास के पास मौजूद है। हालांकि अपर्णा गवते के नगरसेवक पद को अयोग्य ठहराये जाने की याचिका,संबंधित न्यायालय में विचाराधीन है,मगर अब नये सबूतों के आधार पर उनके वकालत के लाइसेन्स को रद्द करने की याचिका भी जल्द ही,मुम्बई उच्च न्यायालय के बार कौन्सिल के सामने पेश की जानेवाली है। इन सबूतों के सामने आने के बाद गवते परिवार पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। ज्ञात हो कि अपर्णा गवते के पति नवीन गवते,उनके देवर राजेश गवते और अमर गवते के खिलाफ पहले से ही अवैध निर्माण से जुड़ा एक बहुत ही गंभीर मुकदमा बेलापूर न्यायालय में लंबित है और इसमें बेहद ही गंभीर सबूत न्यायालय के समक्ष आ चुके हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि गवते परिवार इस संकट की घड़ी से अपने आपको कैसे बाहर निकालता है।



