
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस वैसे तो बीजेपी के सुशासन का राग हमेशा अलापते रहते हैं, मगर पिछले कुछ सालों में महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था जिस तरीके से ध्वस्त हुई है और जिस तरीके से यहां अपराधी बेखौफ दिखाई दे रहे हैं,उससे देवेन्द्र फड़णबीस के खुद के गृह मंत्रालय की जमकर आलोचना शुरू हो गई है। पिछले 48 घंटों में महाराष्ट्र के लातूर,पुणे और उल्लासनगर से हत्या की तीन ऐसी वारदातों के विडिओ सामने आये हैं जिससे यह पता चलता है कि महाराष्ट्र में अपराधी अब बिल्कुल बेखौफ अंदाज में लोगों की हत्या कर रहे हैं। इसके साथ ही पुणे के रांजनगांव से एक ऐसा विडिओ सामने आया है,जिसमें 6-7 लोग तीन युवकों पर बेहद ही दरिन्दगी से जानलेवा हमला करते नजर आ रहे हैं,इसमें से दो युवकों की स्थिती काफी चिन्ताजनक बनी हुई है।महाराष्ट्र के लातूर जिले में स्थित उस्मानाबाद के एक होटल में, परली के एक युवक बाबा अली शेख की बेहद ही निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड को अंजाम देने में परली के नगरसेवक खालिद शेख और उनके साथीदारों की मुख्य भूमिका रही । इसी तरीके से पुणे के शिरूर गांव में हरीश गंगावणे की एक भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मुम्बई से सटे ठाणे जिले के उल्लासनगर में भी, रोहित जगदाले नामक एक युवक को बेहद ही क्रुरता से दिन दहाड़े मार दिया गया। इन तीनों ही घटनाओं में एक खास बात समान रही कि इन हत्याओं को अंजाम देनेवाले आरोपी,आसानी से घटनास्थल से भागने में सफल रहे। हत्या के कोशिश की एक घटना पुणे के रांजनगांव में भी घटी,जहां लगभग 6 से 7 लोगों ने तीन युवकों पर बेहद ही खतरनाक तरीके से हमला बोल दिया,इसमें दो लोगों की स्थिती काफी चिंताजनक बनी हुई है। घायल युवकों के नाम धनंजय सालुंखे,गोरख मोरे और मयूर कांबले है।



