अवैध निर्माण कार्य के खिलाफ तोड़क कार्रवाई का विरोध करनेवालों को किया जायेगा दंडित

नवी मुम्बई के ऐरोली क्षेत्र में किये गये अतिक्रमण और अवैध निर्माण कार्य के खिलाफ,पालिका द्वारा की जा रही तोड़क कार्रवाई का विरोध करनेवाले लगभग 20 लोगों के विरूद्ध, रबाले पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल मुम्बई उच्च न्यायालय के एक सख्त आदेश के बाद,ऐरोली विभाग अधिकारी साधना पाटिल के नेतृत्व में मात्र दो दिनों में 20 चालू अवैध ईमारतों के निर्माण कार्य को ध्वस्त किया गया है। मगर इस दौरान कुछ जगहों पर, स्थानीय नेताओं सहित कुछ पब्लिक विरोध का सामना भी पालिका अधिकारियों को करना पड़ा। इसके अंतर्गत पालिका के एक सहायक अभियंता रीतेश पुरब पर छतरी से हमला किया गया,वहीं एक बड़े अर्धनिर्मित बहुमंजिली ईमारत को तोड़ने के दौरान, रिपब्लिकन सेना के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने ही पालिका अधिकारियों के साथ गाली गलौज और धक्का मुक्की की।इसके बाद पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया,क्योंकी यह तोड़क कार्रवाई मुम्बई उच्च न्यायालय के आदेश पर की जा रही थी। रबाले पुलिस ने रिपब्लिकन सेना से जुड़े 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ,सरकारी कामकाज में बाधा डालने और सरकारी अधिकारियों के साथ गाली गलौज और धक्का मुक्की के आरोप में एफआईआर दर्ज किया है। इसमें अक्षय मोरे,विशाल टोणगे,सागर अलाकुटे,दीपक पहुरकर,राजेश राठौड़,संदीप शिन्दे,संदीप मोहिते,हर्षल बागुल और जावेद खान आदि का नाम शामिल है। रबाले पुलिस स्टेशन ने यह स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी विरोध को बर्दाश्त नही किया जायेगा और आरोपियों के खिलाफ तुरंत सक्षम कानूनी कार्रवाई की जायेगी।



