
रविवार की शाम मुम्बई के जुहू इलाके में, मशहूर फिल्म अभिनेता टाइगर श्राॅफ, जो प्रसिद्ध अभिनेता जैकी श्राॅफ के बेटे भी हैं,उनके उपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर,जिन तीन आरोपियों ने पूरे मुम्बई में सनसनी फैला दी थी,उन तीनों ही आरोपियों को पुलिस ने कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।अगर टाइगर श्राॅफ की कार बुलेटप्रूफ नही होती तो शायद वह आज हमारे बीच नही होते। हालांकि इस हमले में फिर भी टाइगर श्राॅफ के साथ उनका ड्राइवर और एक ऑटोचालक घायल हुआ है। बुलेटप्रूफ कार होने के कारण गोली सीधे टाइगर श्राॅफ या उनके ड्राइवर को नही लग पाई,मगर बुलेटप्रूफ गाड़ी का शीशा तोड़कर गोली अंदर तक जरूर पहुंच गई।टाइगर श्राॅफ पर हमले की खबर जंगल में आग की तरह,तुरंत पूरे मुम्बई में फैल गई और पुलिस के लिए यह एक खुली चुनौती बन गई। मगर एक कहावत है कि अगर पुलिस अपने पर आ जाये तो वह किसी भी अपराधी को पाताल से भी ढूंढ़कर ला सकती है। इस मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ। इस घटना के दो घंटे के अंदर ही पुलिस ने उस मोटरसाइकिल का पता लगा लिया,जिससे घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी उसे अंधेरी स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गये थे। इसके बाद पुलिस यह जानने में भी सफल हो गई कि अंधेरी से अपराधी सुरत भाग गये हैं और सुरत से पुणे जयपुर ट्रेन को पकड़कर वह जयपुर की ओर जा रहे हैं। मुम्बई पुलिस ने इस संदर्भ में राजस्थान पुलिस से संपर्क कर, इन तीनों अपराधियों को ट्रेन से ही गिरफ्तार करने का निवेदन किया।मुम्बई पुलिस के निवेदन पर कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के नेतृत्व में, इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने की पूरी फील्डिंग लगाई गई और कोटा रेलवे स्टेशन पर ही उन्हे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किये गये दो आरोपी 22 वर्ष के रीतिक और रेहान है,जबकि एक आरोपी अभी नाबालिग है,जिसके चलते उसके नाम का खुलासा नही किया गया है। रीतिक मूलतः बिहार का रहनेवाला है जबकि रेहान और उसके साथ का नाबालिग आरोपी,यह दोनों हरियाणा के रहनेवाले हैं।मुम्बई तपास को अभी तक जो जानकारी हासिल है,उसके मुताबिक घटना में शामिल हथियार को अभी तक बरामद नही किया जा सका है और इन आरोपियों को सुपारी देनेवाले व्यक्ति का नाम भी अभी तक पुलिस के सामने नही आ पाया है।



