
नवी मुम्बई के दिघा क्षेत्र में स्थित यादव नगर में,एक 26 वर्षीय युवक दिवाकर यादव की हत्या 22 अक्टूबर को, चाकू मारकर कर दी गई थी। रबाले एमआईडीसी पुलिस ने इस हत्याकांड के सभी तीन आरोपियों को घटना के 48 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस की मानें तो दिवाकर की हत्या, उसके ही पड़ोसी और पहचान के तीन युवकों ने मिलकर की थी। इन तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर,पुलिस ने उनके नामों का जो खुलासा किया है उसके मुताबिक, यादव नगर के ही रहनेवाले योगेश जयसवाल,कृष्णा सिंह और विवेक यादव ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। इस हत्याकांड के दौरान विवेक यादव भी घायल हो गया था,जिसे ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी गिरफ्तारी को अस्पताल में ही दर्शाया गया है,जबकि योगेश जयसवाल और कृष्णा सिंह को पुलिस की तरफ से कोर्ट में पेश कर,उनका पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस की मानें तो इस हत्याकांड का मुख्य कारण पुरानी रंजिश है। मृतक और गिरफ्तार सभी आरोपी यादव नगर के ही रहनेवाले हैं। वैसे भी दिघा अपराध के दृष्टिकोण से नवी मुंबई का बेहद बदनाम क्षेत्र है और यहां के कई बड़े अपराधी नेतागिरी के क्षेत्र में अब एक बड़ा नाम बन चुके हैं,इसलिए इस क्षेत्र में अपराधियों को बड़े स्तर पर राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त है।



