तीन आरोपी के गांव के ही युवा होने से मचा हड़कंप

नवी मुम्बई अंतरराष्ट्रीय विमानतल और उलवे से सटे गव्हाण गांव में, 18 अगस्त को रात 2 से 3 के बीच में एक भयंकर डकैती की घटना घटी थी। इसमें डकैतों ने गव्हाण परिसर में रह रही 53 वर्षीय एक अकेली महिला को अपना निशाना बनाया था और छत के रास्ते उसके घर में घुसकर,उससे करीब 9 लाख रूपये की संपत्ति लूटी थी। मगर नवी मुम्बई पुलिस ने, लूट की इस वारदात को अपने लिए एक चुनौती मानते हुए,दस दिनों के अंदर ही इस लूट में शामिल सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस की मानें तो गिरफ्तार किये गये आरोपियों ने, 18 अगस्त की रात 2 से 3 बजे के बीच में,पीड़ित महिला के घर के छत का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और महिला के गर्दन पर चाकू रखकर,उससे घर में मौजूद कैश और गहने को उन्हे देने पर मजबूर किया। महिला को लूटने के बाद, महिला को शोर न मचाने की धमकी देते हुए सारे लुटेरे वहां से फरार हो गये। इस डकैती में आरोपियों के हाथ,7 लाख के जेवरात और 2 लाख रूपये नगद लगे। इसके बाद सुबह में पीड़ित महिला ने, पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत को बेहद गंभीरता से लेते हुए, फाॅरेन्सिक जांच और अगल बगल में मौजूद सीसीटीव्ही के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की और कुछ ही दिनों की मेहनत में पुलिस को बड़ी सफलता भी हासिल हो गई। पुलिस ने इस डकैती से जुड़े दो आरोपियों को सबसे पहले बदलापूर से धर दबोचा। बदलापूर से दबोचे गये आरोपी रोहित मालसुरे और सुरज गायकवाड से, लूट में शामिल कार सहित,लूटे गये गहनों को भी बरामद किया गया। फिर इन दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गव्हाण गांव के ही तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया,जिनके नाम दिपेश भोईर,प्रवीण कोली और फरहान शेख है। पुलिस ने इन सभी आरोपियों के पास से एक होन्डा कार,एक केटीएम बाइक,एक एक्सीस स्कूटी और चार महंगे मोबाइल फोन के साथ,लूट के कुछ जेवरात भी बरामद किये हैं। गव्हाण गांव के आसपास के क्षेत्र में,सबसे ज्यादा आश्चर्य इस बात को लेकर व्यक्त किया जा रहा है कि इसमें स्वयं गव्हाण गांव के ही तीन आरोपियों का समावेश है।



