अजय देवगन,शाहरूख खान और टाइगर श्राॅफ को 50-50 लाख का नोटिस

भारत के लोग अपने घरों के टीवी पर जिस विज्ञापन को सबसे ज्यादा देखने के लिए मजबूर हैं या जिस विज्ञापन को कुछ लोग बहुत पसंद भी करते हैं,वह विज्ञापन है विमल पान मसाला का। इस पान मसाले के विज्ञापन को बेहद ही आकर्षक और खूबसूरत बनाने के लिए, बालीवुड के तीन मशहूर अभिनेताओं सहित एक बेहद ही खूबसूरत अभिनेत्री का भी सहारा लिया गया है। इस पान मसाले के विज्ञापन में अजय देवगन,शाहरूख खान और टाइगर श्राॅफ एक साथ दिखाई देते हैं।मगर महाराष्ट्र के एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढ़े ने, इस विज्ञापन को जाली और लोगों के स्वास्थ्य को हानि पहुंचाने वाला विज्ञापन मानते हुए,अजय देवगन,शाहरूख खान और टाइगर श्राॅफ तीनों को 50-50 लाख रूपये का नोटिस भेज दिया है। एफडीए की नजर में विमल पान मसाले में गुटखा की तरह ही,कुछ गंभीर हानिकारक पदार्थ मिले हुये हैं,जिसके सेवन से लोगों को कैंसर जैसी गंभीर बिमारी भी हो सकती है। तुकाराम मुंढ़े अपने निर्भय कार्यशैली के कारण महाराष्ट्र में,बहुत पहले से ही चर्चित रहे हैं और जब से उन्हे महाराष्ट्र का एफडीए कमिश्नर बनाया गया है,तब से उन्होंने एफडीए जैसे सुषुप्त पड़े विभाग को महाराष्ट्र का सबसे चर्चित विभाग बना दिया है। तुकाराम मुंढ़े की एक खासियत है कि वह किसी गरीब या मजबूर की,एक गलती को तो माफ भी कर सकते हैं,मगर किसी प्रभावशाली या संपन्न व्यक्ति की गलती को वह कतई माफ नही करते हैं। यही कारण है कि 25 साल की नौकरी में वह 21 बार तबादले के शिकार हो चुके हैं। अब अजय देवगन,शाहरूख खान और टाइगर श्राॅफ जैसे बड़े बालीवुड अभिनेताओं को नोटिस देकर, उन्हे प्रसिद्धि तो बहुत मिल रही है,मगर उनके सर पर एकबार फिर से तबादले का खतरा मंडराने लगा है।



