
कल्याण से सटे उल्हासनगर में कल गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा। इस गोलीबारी में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया और एक को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि उल्हासनगर के ही एक बीजेपी नगरसेवक प्रधान पाटिल ने साजिश रचकर इस घटना को अंजाम दिया है। गोलीबारी की इस घटना को 8 से 10 आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया है। इस घटना के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराया गया है और पुलिस सभी नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है। हालांकि पुलिस को इस घटना के स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं,जिसमें आरोपी न केवल बेखौफ गोली चलाते दिख रहे हैं,बल्कि वहां कुछ देर खड़े होकर आतंक मचाते भी दिखाई दे रहे हैं। विपक्षी दलों ने इस पूरी घटना को महाराष्ट्र की दिनोंदिन बिगड़ती कानून व्यवस्था का परिणाम बताया है।



