अपराध में यूपी बिहार को पीछे छोड़ने की तैयारी

एक समय था जब महाराष्ट्र को भारत का सबसे सुरक्षित राज्य माना जाता था और महाराष्ट्र पुलिस की तुलना विश्वस्तरीय पुलिस फोर्स के साथ की जाती धी। मगर पिछले कुछ वर्षों में महाराष्ट्र में अपराध का ग्राफ काफी तेजी से बढ़ा है और हत्या जैसी भयंकर आपराधिक घटनाओं में भी काफी तेजी आई है। महिला और बाल अपराध में भी महाराष्ट्र रिकॉर्ड स्थापित करने की ओर अग्रसर है।पिछले चार दिनों में महाराष्ट्र में लगभग 10 से ज्यादा हत्याओं की खबर सामने आ चुकी है,इनमें से ही कुछ हत्याओं की जानकारी मुम्बई तपास के पास भी मौजूद है,जिसे हम आपके सामने रख रहे हैं। बदलापुर में डबल मर्डर और ठाणे में एक ही दिन में दो हत्या,सांगली में 14 वर्षीय बालक की हत्या,नांदेड़ में एक व्यक्ति की हत्या, मुम्बई में एक व्यक्ति की हत्या और तीन लोगों पर जानलेवा हमला और पुणे में एक जिम मालिक पर गोलीबारी कर उसे घायल करने की घटना, यह कुछ ऐसे वारदात हैं जो पिछले चार दिनों के अंदर घटे हैं,इससे महाराष्ट्र में भयंकर तेजी से बिगड़ते जा रहे कानून व्यवस्था की झलक मिलती है।बदलापुर में एक ओला टैक्सी के अंदर टैक्सी चालक गणेश शिन्दे और एक महिला मनीषा भोसले की लाश मिली। इनके शरीर पर धारदार हथियार से किये गये अनेकों वार के निशान मिले। ठाणे में 19 वर्षीय साहिल पंचाल और 42 वर्षीय मुबारक शेख की हत्या एक ही दिन कर दी गई। सांगली में एक 14 वर्षीय बालक वेदान्त बनकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। नांदेड़ में सादिक अली नामक एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मुम्बई के कुरार इलाके में आकाश धोत्रे नामक एक युवक की न केवल धारदार शस्त्रों से हत्या कर दी गई बल्कि उसके अन्य तीन साथियों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुणे के सहकार नगर में एक जिम मालिक योगेश बनेकर पर कुछ नाबालिग युवकों ने तीन गोलियां चलाई जिसमें बनेकर बुरी तरह घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ती जा रही आपराधिक घटनाओं को लेकर सबसे ज्यादा आलोचना के शिकार, महाराष्ट्र के गृहमंत्री और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस हो रहे हैं, ऐसा माना जा रहा है कि उनके कमजोर नेतृत्व के कारण गुन्डों का मनोबल अपने चरम पर है और महाराष्ट्र पुलिस गुन्डों को सबक सिखाने की बजाए उनसे याराना निभाने में लगी हुई है।



