विधायक मंदा म्हात्रे ने फर्जी कोर्ट ऑर्डर का मुद्दा उठाकर नाईक परिवार को घेरा

मुम्बई तपास ने कल जिस खबर को ब्रेक किया था,वह खबर आज महाराष्ट्र के विधानसभा में भी गूंजी । नवी मुम्बई के बेलापूर की विधायक मंदा ताई म्हात्रे ने,मुम्बई तपास की खबर का संज्ञान लेते हुए,महाराष्ट्र के गृहमंत्री से यह मांग की कि नवी मुम्बई में फर्जी कोर्ट ऑर्डर का जो मामला सामने आया है वह बेहद गंभीर है और इस पूरे मामले की जांच बेहद गंभीरता से किये जाने की जरूरत है।दरअसल मुम्बई तपास ने कल ही यह खबर ब्रेक की थी कि नवी मुम्बई महानगरपालिका के सभागृह नेता सागर नाईक द्वारा, पालिका आयुक्त को बेलापूर न्यायालय का एक स्टे ऑर्डर उनके व्हाट्सएप पर भेजा गया था। जिसको पालिका आयुक्त ने अपने विधी अधिकारी को भेजकर उनसे इसकी सत्यता की जानकारी मांगी थी। लेकिन विधी अधिकारी ने जब संबंधित केस का पूरा रेकॉर्ड देखा तो यह स्टे ऑर्डर फर्जी साबित हुआ। इसके बाद पालिका प्रशासन ने इसकी जानकारी संबंधित न्यायालय को दी, जिसे न्यायालय ने बेहद ही गंभीर अपराध मानते हुए,इस मामले का सु मोटो संज्ञान लिया और कोर्ट अधीक्षक को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश जारी किया। जिसके बाद न्यायालय अधीक्षक के द्वारा बेलापूर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराया गया।मंदा ताई को जैसे ही इस मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने इस मौके का फायदा उठाने में कोई देरी नही की और इस मामले को विधानसभा में उछाल दिया। वैसे भी मंदा ताई और नाईक परिवार की दुश्मनी जगजाहिर है,ऐसे में ताई मौके पर चौका मारने से कैसे चूक जातीं।



