अनेक जगहों पर जल जमाव से जनजीवन अस्त व्यस्त

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार ही,नवी मुम्बई सहित एमएमआर रीजन में 4 जुलाई को भारी बारिश दिखाई दे रही है। नवी मुम्बई में 4 जुलाई को शाम तीन बजे तक औसतन 113 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश ऐरोली और दिघा क्षेत्र में दिखाई दिया जहां क्रमशः 161 मिलीमीटर और 131 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।इस भारी बारिश ने न केवल कई जगहों पर जल जमाव की समस्या पैदा कर दी बल्कि 10 पेड़ों की बलि भी ले ली। मौसम विभाग द्वारा कल जारी की गई चेतावनी के बाद,नवी मुम्बई की आपातकालीन व्यवस्था पहले से ही काफी सतर्क थी,इस कारण अभी तक किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर,सामने नही आई है। शनिवार का दिन होने के नाते आज ज्यादातर सरकारी दफ्तर बंद थे,इसलिए सड़कों पर ज्यादा भीड़ भी नही देखी गई।नवी मुम्बई की महापौर सुजाता पाटील एक बार फिर सड़कों पर सक्रिय दिखाई दीं और उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर वास्तविक स्थिती का जायजा लिया। पालिका आयुक्त कैलाश शिन्दे भी लगातार आपति व्यवस्थापन के संपर्क में दिखाई दिये। पालिका की तरफ से आमलोगों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है कि वह सिर्फ अनिवार्य स्थिती में ही घर से बाहर निकलें और किसी पेड़ या बिजली के खंभे के नजदीक बारिश से बचने के लिए,शरण न लें।



