नवी मुम्बई में भी सक्रिय हुआ कोयता गैंग

महाराष्ट्र में किसी की हत्या के लिए,अपराधियों का सबसे पसंदीदा हथियार कोयता बन चुका है। पुणे,नाशिक,संभाजीनगर,बीड़ और नागपुर के बाद अब इस कोयता गैंग का खौफ पालघर,ठाणे,मुम्बई,रायगढ़ और नवी मुम्बई तक पहुंच चुका है। नवी मुम्बई के वाशी क्षेत्र में स्थित एक पर्यटन स्थल, मिनी सी शोर में आज सुबह साढ़े चार बजे के आसपास ऐसे ही किसी एक कोयता गैंग ने एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी।मृत युवक सुजल कुमार महतो कोपरखैरणे में रहता था और एक चाइनीज की दूकान पर काम करता था। सुजल की हत्या के बाद सारे आरोपी घटनास्थल से फरार होने में कामयाब हो गये। सुजल के सर पर कोयता से कई वार किये जाने की खबर मुम्बई तपास को मिली है। वाशी पुलिस फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम के साथ मिलकर पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और अगल बगल के सारे सीसीटीव्ही फुटेज को खंगाला जा रहा है। वाशी पुलिस इस बात की भी जांच करने में जुटी है कि आखिर सुजल इतने सुबह में वाशी के मिनी सी शोर में क्या करने आया था और क्या उसकी हत्या किसी आपसी विवाद में हुई है या फिर इसके पीछे कोई आर्थिक विवाद या प्रेम प्रसंग का प्रकरण शामिल है। पुलिस ने जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े सभी अपराधियों को, गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है



