शिन्दे सेना के नाराज सैनिकों ने नवी मुम्बई पालिका आयुक्त और सचिव का किया तीव्र निषेध

नवी मुम्बई महानगरपालिका में शिवसेना शिन्दे गुट के बेहद ही प्रभावशाली नेता विजय चौगुले के नेतृत्व में,शिन्दे सेना के कई स्थानीय नेताओं और नगरसेवकों ने,पालिका आयुक्त कैलाश शिन्दे सहित पालिका सचिव का घेराव उनके केबिन में जाकर किया।इन शिवसैनिकों के अंदर इस बात को लेकर बेहद तीव्र गुस्सा था कि नवी मुम्बई महानगरपालिका अस्पताल के एक सार्वजनिक समारोह के निमंत्रण पत्र में, वन एवं पर्यावरण मंत्री गणेश नाईक का तो नाम था,मगर ठाणे जिला सह नवी मुम्बई के पालक मंत्री और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे का नाम इस निमंत्रण पत्र में नही था। इसी से नाराज शिवसैनिक पालिका आयुक्त कैलाश शिन्दे के केबिन में घुसकर नारेबाजी करने लगे। कैलाश शिन्दे ने भी अपना पल्ला झाड़ते हुए, शिवसैनिकों को यह जानकारी दी कि निमंत्रण पत्र पालिका सचिव के कार्यालय से निर्गत की गई है। इस जानकारी के बाद नाराज शिवसैनिक पालिका सचिव के कार्यालय में घुस गये और उन्होंने पालिका सचिव को जमकर खरी खोटी सुनाई। इस दौरान नाराज शिवसैनिकों और पालिका सचिव के बीच काफी कहासुनी भी हुई। बाद में सचिव कार्यालय की तरफ से शिवसैनिकों को यह आश्वासन दिया गया कि आगे से ऐसी गलती दोहराई नही जाएगी |



