देवद और विचुंबे ग्राम पंचायत के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

नवी मुम्बई महानगरपालिका के मालिकाना हक वाले मोरबे डैम से, नवी मुम्बई महानगरपालिका क्षेत्र तक आनेवाले जल वाहिनी से करोड़ों रूपये के पानी चोरी का खुलासा करते हुए,नवी मुम्बई महानगरपालिका ने देवद और विचुंबे ग्राम पंचायत के खिलाफ न केवल एफआईआर दर्ज कराई है,बल्कि उनको 1 करोड़ 20 लाख की वसूली नोटिस भी प्रदान की है। ज्ञात हो कि विचुंबे और देवद ग्राम पंचायत द्वारा मोरबे डैम के मूल जलवाहिनी में, चोरी से 100 एम एम की पाइपलाइन को जोड़कर वर्ष 2025 से पानी की चोरी की जा रही थी। नवी मुम्बई महानगरपालिका प्रशासन को जब इस चोरी की खबर मिली तो उसने वर्ष 2025 में ही, चोरी से जोड़े गये पाइपलाइन को खंडित कर करीब 80 लाख रूपये की वसूली नोटिस विचुंबे और देवद ग्राम पंचायत को दी थी। मगर देवद और विचुंबे ग्राम पंचायत के लोगों ने कानून को ताक पर रखते हुए,एक बार फिर से अपने पाइपलाइन को जोड़कर मोरबे डैम के पानी को चुराना शुरू कर दिया। इस बार नवी मुम्बई महानगरपालिका ने भारी पुलिस बंदोबस्त लेकर न केवल अवैध रूप से जोड़े गये पाइपलाइन कनेक्शन को तोड़ दिया, बल्कि देवद और विचुंबे ग्राम पंचायत से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवा दिया। एफआईआर करने के साथ साथ नवी मुम्बई महानगरपालिका ने इन दोनों ग्रामपंचायतों के खिलाफ करीब 1 करोड़ 20 लाख की वसूली नोटिस भी जारी की है। हालांकि इस दौरान स्थानीय स्तर पर बेहद तनावपूर्ण माहौल भी देखा गया, मगर खान्देश्वर पुलिस ने बेहद ही गंभीरता और सतर्कता से इस कार्रवाई को अंजाम देने में पालिका प्रशासन की सहायता की।



