मुम्बई में भी कानून और व्यवस्था की स्थिती बिगड़ी

पूरे महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की बिगड़ती स्थिती के, अनेकों उदाहरण पिछले कुछ महीनों से सामने आ रहे हैं,मगर पुलिस और गृह विभाग इससे बिल्कुल भी चिंतीत नजर नही आ रहा। यहां तक कि मुम्बई और उसके उपनगरीय क्षेत्रों में भी अपराधियों का मनोबल अपने चरम पर है । ठाणे,कल्याण,बदलापूर,अंबरनाथ के बाद अब मुम्बई में भी सार्वजनिक जगहों पर अपराधी,खुलेआम हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। ऐसी ही एक घटना, कल रात 11 बजे के आसपास वेस्टर्न लाइन के एक लोकल ट्रेन में घटी। जिसमें एक छोटे से विवाद पर 22 वर्षीय मयंक लोहार की हत्या चाकू से गोदकर कर दी गई। मृतक और हत्यारा अंधेरी से बोरीवली की ट्रेन पर फर्स्ट क्लास के डब्बे में चढ़े। इसी डब्बे में बारिश के वक्त दरवाजा बंद करने को लेकर दोनों के बीच कुछ विवाद हो गया और इसी विवाद में,हत्यारे ने अपने पास रखे चाकू को निकाल लिया और मयंक पर ताबड़तोड़ हमले करने शुरू कर दिये। ट्रेन में मौजूद यात्री इस अचानक हुए हमले से इतने हतप्रभ रह गये कि उन्होंने मयंक को बचाने का कोई प्रयास भी नही किया। यहां तक कि उन्होंने हत्यारे को पकड़ने के लिए भी कोई प्रयास नही किया और हत्यारा मयंक की हत्या करने के बाद आसानी से बोरीवली स्टेशन पर उतरकर भागने में कामयाब हो गया।सवाल यह उठता है कि फर्स्ट क्लास जैसे डब्बे में आखिर कोई व्यक्ति चाकू लेकर किस मकसद के साथ चढ़ता है और कैसे इतनी आसानी से किसी की चलती ट्रेन में हत्या कर, वह बोरीवली जैसे भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन से भाग जाने में कामयाब हो गया?



