
नवी मुम्बई के एनआरआई पुलिस स्टेशन की लाॅकअप में, चोरी के आरोप में बंद एक 38 वर्षीय व्यक्ति,संजय यादव की संदेहास्पद अवस्था में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों की मानें तो संजय यादव को नवी मुम्बई अंतरराष्ट्रीय विमानतल पुलिस स्टेशन ने, चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था और उसे दो बार दो दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया था। मगर 7 अक्टूबर को रात्रि के अंधेरे में करीब डेढ़ बजे (8 अक्टूबर) लाॅकअप में अचानक उसके हाथ पांव ऐठने लगे। संजय की तबियत बिगड़ती देख उसे तुरंत नेरूल में स्थित पालिका अस्पताल ले जाया गया,जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक संजय को 4 अक्टूबर की सुबह 3.30 बजे नवी मुम्बई अंतरराष्ट्रीय विमानतल पुलिस स्टेशन द्वारा गिरफ्तार किया गया था और 4 तारीख को ही उसे दो दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। इसके बाद 6 अक्टूबर को भी पुलिस ने उसे दो दिन के लिए और रिमांड पर लिया। यह रिमांड आज यानि आठ अक्टूबर को खत्म हो रही थी,मगर आज ही सुबह डेढ़ बजे उसकी तबियत अचानक काफी बिगड़ गई और उसने दम भी तोड़ दिया। पुलिस के कुछ विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो संजय पुलिसिया टाॅर्चर को नही सह पाया और उसकी जान चली गई। वैसे इस मामले की जांच अब अपराध शाखा को दे दी गई है और वही इसका असली सत्य सामने लायेगी।



