कम उम्र की बच्ची के लिए वसूली जाती थी मोटी रकम

देह व्यापार का धंधा किस तरीके से बड़े शहरों को अपनी जकड़ में लेता जा रहा है, इसका एक खुलासा नवी मुम्बई के उलवे क्षेत्र में हुआ,जहां एक 13 साल की लड़की से भी देह व्यापार कराये जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस को एक गोपनीय सूचना मिली कि उलवे सेक्टर 19 में स्थित ला रेसिडेन्सी नामक एक ईमारत में,एक औरत द्वारा कुछ नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराया जाता है। इसके बाद पुलिस ने एक नकली ग्राहक को भेजकर उस महिला से संपर्क साधा और सौदा तय हो जाने के बाद, वह नकली ग्राहक महिला के घर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने उस घर पर छापा मारकर देह व्यापार करानेवाली महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसके चंगुल से दो लड़कियों को आजाद कराया। इसमें से एक लड़की की उम्र 13 साल और एक की उम्र 17 साल है। देह व्यापार करानेवाली महिला कम उम्र का हवाला देकर 13 साल की बच्ची के जिस्म का सौदा 20 से 30 हजार के बीच किया करती थी।



