स्वच्छ और सुगंधित शहर की नई संकल्पना लेकर सामने आये दशरथ भगत

कांग्रेस में रहते हुये,गणेश नाईक और उनके परिवार के कट्टर आलोचक माने जानेवाले दशरथ भगत ने जब से, बीजेपी का दामन थामा है तब से उनका नाईक प्रेम अचानक उफान मारने लगा है।कभी वह संदीप नाईक के जन्मदिन के अवसर पर 100 सामाजिक उपक्रम का आयोजन कर डालते हैं तो कभी गणेश नाईक को खुश करने के लिए उनके जन्मदिन को, स्वच्छ और सुगंधित शहर का उपहार देने निकल पड़ते हैं।नवी मुम्बई के वाशी स्थित विष्णु दास भावे नाट्यगृह में दशरथ भगत के नेतृत्व में,महाराष्ट्र के वन एवं पर्यावरण मंत्री गणेश नाईक के जन्मदिन को विशेष सौगात देने के उद्देश्य से,बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में गणेश नाईक के साथ पूर्व सांसद संजीव नाईक,पूर्व विधायक संदीप नाईक,नवी मुम्बई की महापौर सुजाता पाटिल,उप महापौर दशरथ भगत,पालिका के सभागृह नेता सागर नाईक,स्थायी समिती सभापति अशोक पाटिल,पूर्व महापौर जयवंत सुतार,पूर्व महापौर सुधाकर सोनावणे,आरोग्य समिती जयाजी नाथ सहित अन्य कई गणमान्य नगरसेवक और नगरसेविकायें तथा सैकड़ों की संख्या में बीजेपी के कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठन के लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर दशरथ भगत ने नवी मुम्बई में कुछ विशेष आकर्षक सामाजिक उपक्रम के शुरूवात की घोषणा की। इसमें सबसे आकर्षक सामाजिक उपक्रम स्वच्छ और सुगन्धित नवी मुम्बई की संकल्पना दिखाई दी।मगर गणेश नाईक ने दशरथ भगत के इस सोच को बेहतरीन बताते हुये,वर्तमान में इसके लिए एक बड़ी चुनौती को भी सामने लाकर खड़ा कर दिया। गणेश नाईक ने नवी मुम्बई में बढ़ती पार्किंग,ट्रैफिक और अवैध फेरिवालों की संख्या का जिक्र करते हुए,यह बताया कि आज जिस तरीके से ज्यादा एफएसआई की लालच में धड़ाधड़,पुरानी ईमारतों के पुनर्विकास को मंजूरी दी जा रही है,उससे एक दिन इस शहर में सड़कों पर चलना तक मुश्किल हो जायेगा,फिर नवी मुम्बई को स्वच्छ और सुगन्धित शहर बनाने की संकल्पना कैसे साकार होगी। वैसे गणेश नाईक ने दशरथ भगत के सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए उनकी और उनके पूरे परिवार की जमकर प्रशंसा की।



