8 लोगों के मारे जाने की आशंका

अवैध निर्माण कार्य और सरकारी जमीनों के अतिक्रमण के लिए मशहूर,भिवंडी महानगरपालिका की हद में एक और भीषण ईमारत दुर्घटना सामने आई है,जिसमें लगभग 8 लोगों के मारे जाने की आशंका है। ज्ञात हो कि वर्ष 2020 में एक अवैध ईमारत दुर्घटना में, भिवंडी में ही 30 से ज्यादा लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था और इसके बाद मुम्बई उच्च न्यायालय ने एक सु मोटो याचिका की पहल कर,पूरे एमएमआरडीए क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश जारी किये थे। मगर रात गई बात गई की तर्ज पर 6 महीने में ही फिर से पूरे एमएमआरडीए क्षेत्र में,भू माफियाओं का खेल शुरू हो गया और हजारों अवैध निर्माण और अतिक्रमण को अंजाम दे दिया गया।जिस भिवंडी क्षेत्र में इतनी बड़ी ईमारत दुर्घटना हुई थी,वहां भी भू माफिया बेखौफ होकर अपनी अवैध और आपराधिक कार्यों को अंजाम देते रहे। परिणाम,फिर एक ईमारत दुर्घटना और कुछ लोगों की जान फिर से चली गई। इस बार यह दुर्घटना 30 जुलाई की रात में घटी और इसमें लगभग 8 लोगों के मारे जाने की आशंका है,इसमें से 3 के शव अबतक मलबे से निकाले जा चुके हैं। दुर्घटनाग्रस्त इस 4 मंजिली ईमारत का नाम कोहिनूर बिल्डिंग है,जो भिवंडी तहसील के नारपोली गांव में स्थित थी। 30 जुलाई की रात 11 बजे के करीब इस इमारत की बी विंग पूरी तरह भरभराकर गिर पड़ी। हालांकि भिवंडी महानगरपालिका के रिकॉर्ड में इस ईमारत को पहले ही खतरनाक घोषित कर दिया गया था और इस ईमारत के मरम्मत का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया था। अभी तक पालिका ने इस बात का खुलासा नही किया है कि यह ईमारत वैध थी या अवैध।



