
महाराष्ट्र की लगातार बिगड़ती जा रही कानून व्यवस्था का असर,अब सैटेलाइट सिटी के रूप में मशहूर नवी मुम्बई पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है। आये दिन यहां हत्या और हत्या की कोशिश जैसे अपराधों को बेखौफ अंजाम दिया जा रहा है। ऐसी ही एक घटना 24 अक्टूबर की रात तलोजा फेज 2 के शिवाजी चौक के पास घटी। जिसमें एक ठेकेदारी के विवाद को लेकर, करीब आठ अपराधियों के एक समूह ने दो लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान अपराधियों की तरफ से लोहे की राॅड और पिस्तौल का भी इस्तेमाल किया गया।इस घटना में घायल विशाल शिन्दे और सचीन डांगे पर पहले तो लाठी और लोहे के राॅड से हमला किया गया और जब वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े तो उन्हे गोली भी मार दी गई। यह पूरी घटना तलोजा फेज 2 में शिवाजी चौक के पास स्थित मारवा बिल्डिंग के पास घटी। घायल दोनों युवक विशाल और सचीन को बेहद गंभीर हालत में कामोठे के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने आठ हमलावरों में से 5 की पहचान कर ली है और इनमें से तीन को पुणे के आंबेगांव से गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस की माने तो इस घटना को अंजाम देने में सागर डांगे,आकाश डांगे,रूद्र बरावकर,गणेश लवारे,अनिकेत नरवड़े और सौरव चौधरी सहित तीन अन्य लोगों का हाथ है। इनमें से रूद्र,अनिकेत और सौरव को पुलिस ने आंबेगांव से गिरफ्तार किया है,बाकि के अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।



